कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 28 अप्रैल। वनमंडल केशकाल में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए वन विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई की। मंगलवार को परिक्षेत्र बड़ेराजपुर अंतर्गत गोविंदपुर परिसर के कक्ष क्रमांक आरएफ 1355 (चनाभरी कोसमी) में अवैध रूप से किए जा रहे निर्माण को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चनाभरी कोसमी निवासी रघुनाथ पिता चैतु द्वारा वन भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान निर्माण किया जा रहा था। जैसे ही इसकी सूचना वन विभाग को मिली, तत्काल टीम सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। यह पूरी कार्रवाई वनमंडलाधिकारी दिव्या गौतम और उप वनमंडलाधिकारी सुषमा जे. नेताम के मार्गदर्शन में की गई।
मौके पर पहुंची टीम ने निर्माणाधीन मकान को तोड़ते हुए आरोपी को वन भूमि से बेदखल कर दिया और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।वन विभाग की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में हडक़ंप मच गया है।
केशकाल डीएफओ दिव्या गौतम ने बताया कि अतिक्रमण की सूचना पर राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और वन विभाग की संयुक्त टीम के साथ मौके पर तत्काल पहुँच कार्रवाई की गई ।
आगे बताया कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
कार्रवाई के दौरान परिक्षेत्र अधिकारी मिर्जा फिरोज बेग, उडऩदस्ता प्रभारी सेवक राम ठाकुर, तहसीलदार फणेश्वर सोम और थाना प्रभारी विश्रामपुरी शंकरलाल ध्रुव सहित वन, राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


