कोण्डागांव

नक्सल छाया से विकास की ओर बढ़ता ईरागांव
26-Apr-2026 10:03 PM
नक्सल छाया से विकास की ओर बढ़ता ईरागांव

डड़सेना कलार समाज का दो दिनी संभागीय अधिवेशन

विधायक लता उसेंडी-नीलकंठ टेकाम हुए शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 26 अप्रैल। केशकाल के सुदूर अंचल ग्राम इरागांव से एक सकारात्मक और बदलाव की तस्वीर सामने आई है। जो इलाका नक्सलियों का कोंडागांव जिले में प्रवेश द्वार माना जाता था, वहां अब पहली बार डड़सेना कलार समाज का बस्तर संभाग स्तरीय वार्षिक अधिवेशन हो रहा है। इस कार्यक्रम में बस्तर संभाग के 7 जिलों के सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।

इस कार्यक्रम में बस्तर संभाग के 7 जिलों के सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। वहीं अतिथि के रूप में कोंडागांव विधायक लता उसेंडी और केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाज के संभागीय अध्यक्ष केदार जैन ने की। कार्यक्रम में समाज के सर्वांगीण विकास और उत्थान के संबंध में चर्चा हुई। क्षेत्र में जनसेवा और सामाजिक विकास के लिए काम कर रहे लोगों को सम्मानित भी किया गया।

समाज के साथ मिलकर इरागांव का विकास करेंगे- टेकाम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि कुछ वर्षों पहले तक यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित था, जहां भय का माहौल रहता था और विकास कार्य प्रभावित होते थे। ईरागांव को नक्सलियों का प्रवेश द्वार तक माना जाता था।

 उन्होंने कहा कि पहले शाम होते ही इस क्षेत्र को छोडऩे की सलाह दी जाती थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं—वे स्वयं रात 8 बजे तक कार्यक्रम में मौजूद रहे और किसी प्रकार का डर नहीं था। यह बदलाव सरकार के प्रयासों और स्थानीय लोगों के सहयोग का परिणाम है।

कलार समाज का यह अधिवेशन एकता का प्रतीक- लता उसेंडी

वहीं विधायक लता उसेंडी ने कहा कि कलार समाज हमेशा से शिक्षित और जागरूक रहा है। ऐसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह का बड़ा आयोजन समाज की एकजुटता और बदलते सकारात्मक माहौल को दर्शाता है। दो दिवसीय इस अधिवेशन में सैकड़ों की संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और सहभागिता का माहौल बना रहा। ईरागांव में आयोजित यह कार्यक्रम न सिर्फ सामाजिक एकता का प्रतीक बना, बल्कि यह भी साबित करता है कि अब यह क्षेत्र भय से निकलकर विकास और विश्वास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

 इस अवसर पर मुख्य रूप से कलार संभाग के अध्यक्ष पुरुषोत्तम गजेंद्र, पदाधिकारीगण- डॉ. झाडूराम नवेंद्र, माधवलाल जैन, सुलेन्द्र नेगी, सोनिलाल जैन, देवकुमार जैन, भगवती गजेंद्र, तुलुराम सिन्हा, तरुण जैन, नीलकंठ शार्दुल, श्याम दीवान, रमेश सिन्हा, मोहन सिन्हा  मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट