कोण्डागांव

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा की जन आक्रोश रैली, विपक्ष का पुतला दहन
26-Apr-2026 10:02 PM
नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में भाजपा की जन आक्रोश रैली, विपक्ष का पुतला दहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 26 अप्रैल। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार दोपहर कोण्डागांव में विशाल जन आक्रोश रैली एवं महिला पदयात्रा का आयोजन किया गया। भाजपा जिला कार्यालय अटल सदन से भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक लता उसेंडी के नेतृत्व में निकली इस रैली में हजारों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

रैली के दौरान महिलाओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ता एवं महिलाओ ने कोण्डागांव के कांग्रेस भवन, मस्जिद चौक, जय स्तंभ चौक होते हुए स्थानीय बस स्टैंड पहुंचे, जहां कांग्रेस सहित विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया।

इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी ने कांग्रेस एवं इंडी गठबंधन पर महिलाओं के अधिकारों में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए कहा कि, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को विपक्ष रोकने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अब अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हो चुकी हैं और अपने राजनीतिक प्रतिनिधित्व को सुनिश्चित करने के लिए संघर्षरत रहेंगी।

लता उसेंडी ने कहा कि भाजपा महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है और लोकसभा, विधानसभा व राज्यसभा में महिलाओं की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करना पार्टी का लक्ष्य है। उन्होंने महिलाओं से संगठित होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

रैली में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा कार्यकर्ता एवं स्थानीय महिलाएं शामिल रहीं, जिससे पूरे शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज रही।


अन्य पोस्ट