कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 26 अप्रैल। कोंडागांव जिले के थाना केशकाल क्षेत्र में दर्ज गुमशुदगी के मामलों में पुलिस ने तीन बालिकाओं को बरामद किया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। सभी को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, अलग-अलग तिथियों (8 मार्च, 4 अप्रैल और 20 अप्रैल 2026) को परिजनों ने अपनी बेटियों के घर से बिना बताए चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। नाबालिग होने के कारण अपहरण की आशंका पर धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्र के मार्गदर्शन और एसडीओपी केशकाल अरुण नेताम के पर्यवेक्षण में, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘मुस्कान’ और ‘तलाश’ के तहत कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में गठित टीमों ने जांच के दौरान तीनों बालिकाओं को अलग-अलग स्थानों से बरामद किया। एक बालिका को बालोद जिले के पुरूर बस स्टैंड से, दूसरी को महाराष्ट्र के गोंदिया जिले के ग्राम घिवारी से और तीसरी को तेलंगाना के हैदराबाद स्थित एयरफोर्स अकादमी के पास से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, न्यायालय में दर्ज बयान में बालिकाओं ने किसी व्यक्ति द्वारा घटना किए जाने से इनकार किया है।
आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया।


