कोण्डागांव

जनजागरूकता रैली निकाली
24-Apr-2026 10:45 PM
जनजागरूकता रैली निकाली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 24 अप्रैल। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान एवं गायत्री तीर्थ शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में गायत्री परिवार कोण्डागांव द्वारा व्यसन मुक्त भारत अभियान के तहत चिखलपुटी स्थित गायत्री परिवार आश्रम में 6 दिवसीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

शिविर में नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले घातक दुष्परिणामों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। पोस्टर, पंपलेट और जनसंवाद के माध्यम से बताया जा रहा है कि तंबाकू, शराब और अन्य व्यसन न केवल स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक नुकसान का भी बड़ा कारण बनते हैं।

इसी कड़ी में गुरुवार शाम को कोण्डागांव नगर के गायत्री मंदिर से विशाल जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली शहर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी और पुन: बाजार परिसर स्थित गायत्री मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के दौरान लोगों को नशा छोडऩे और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। गायत्री परिवार की रोमा साहू ने बताया कि, अभियान का उद्देश्य समाज को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए युवाओं को जागरूक करना और व्यसन मुक्त भारत की दिशा में जनभागीदारी बढ़ाना है।


अन्य पोस्ट