कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 20 अप्रैल। कोंडागांव जिले में गुम मोबाइलों की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 22 मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों को लौटाए हैं। इनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश पर साइबर सेल को गुम मोबाइलों की खोज की जिम्मेदारी दी गई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और उप पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) नरेंद्र पुजारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी सौरभ उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की।
बरामद मोबाइल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ ओडिशा से भी प्राप्त किए गए हैं। इनमें आईफोन, वनप्लस, वीवो, रेडमी और सैमसंग कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।
मोबाइल लौटाते समय पुलिस ने उपयोगकर्ताओं को सावधानी बरतने की सलाह दी और उपयोग से पहले फोन को फॉर्मेट करने की बात कही। कई लोगों ने मोबाइल मिलने पर पुलिस का आभार जताया।
साइबर सेल द्वारा अब तक 1800 से अधिक गुम मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग एक करोड़ रुपए आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को अन्य का मोबाइल मिले तो उसे नजदीकी थाने में जमा करें। बिना बिल के मोबाइल खरीदने से बचें। साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर पोर्टल पर तुरंत शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।


