कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 20 अप्रैल। आदिम जाति सहकारी समिति मर्यादित सोनाबाल का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संस्था में कई अनियमितताएं पाई गईं। समिति में एक ही पीओएस मशीन से विक्रय किया जा रहा था तथा कृषकों को प्राप्त उर्वरक में भिन्नता पाई गई। इसके अलावा बोर्ड पर स्कंध एवं मूल्य सूची का प्रदर्शन नहीं किया गया था, स्कंध पंजी का संधारण नहीं किया जा रहा था, मांगी गई आवश्यक जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई तथा उर्वरक विक्रय का प्राधिकार पत्र भी उचित स्थान पर प्रदर्शित नहीं पाया गया।
उक्त अनियमितताओं के संबंध में संबंधित संस्था को कारण बताओ सूचना जारी करते हुए तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसी प्रकार शुक्रवार को विकासखंड बड़ेराजपुर अंतर्गत साधु कृषि सेवा केंद्र, गम्हरी का भी आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान 1060 बैग यूरिया का अवैध भंडारण पाया गया। इस पर उर्वरक नियंत्रण आदेश (एफसीओ-1985) के तहत कार्रवाई करते हुए भंडारित उर्वरक को जब्त कर संबंधित संस्था को सुपुर्दगी में दिया गया है। प्रकरण को आवश्यक कार्रवाई हेतु कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
साथ ही संस्था द्वारा उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों का पालन नहीं किया जाना गंभीर उल्लंघन पाया गया। इस पर कारण बताओ सूचना जारी करते हुए जवाब मांगा गया है तथा प्राधिकार पत्र निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा रही है।


