कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 19 अप्रैल। केशकाल के ब्राह्मण समाज भवन में सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम भगवान परशुराम की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रतिभा को उपस्थित जनों ने खूब सराहा और उन्हें पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर ब्राह्मण समाज की ब्लॉक अध्यक्ष रश्मि अग्निहोत्री ने कहा कि हमें सामाजिक कार्यों में बढ़-चढक़र भाग लेना चाहिए, जिससे समाज में एकता और समरसता बनी रहे तथा समाज का सर्वांगीण विकास हो सके। उन्होंने आगे कहा कि आज के समय में आपसी सहयोग, भाईचारा और सद्भावना को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। जब समाज के सभी वर्ग एकजुट होकर कार्य करेंगे, तभी एक मजबूत और संगठित समाज का निर्माण संभव होगा।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करें।
साथ ही, समाज में आपसी सम्मान और सौहार्द बनाए रखना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।


