कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 17 अप्रैल। जिले में ग्रामीण सडक़ संपर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना फेज-4 के अंतर्गत स्वीकृत सडक़ों के निर्माण कार्यों का शुक्रवार को भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर जिले से वर्चुअल माध्यम से जुड़े, वहीं कोण्डागांव में चिलपुटी स्कूल मैदान में स्थानीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जिला पंचायत एवं जनपद सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, पीएमजीएसवाई के अधीक्षण अभियंता द्वारिका प्रसाद भुवार्य, कार्यपालन अभियंता बलराम ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
जानकारी के अनुसार पीएमजीएसवाई फेज-4 के तहत जिले में कुल 55 सडक़ों का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिनसे 58 बसाहटों को जोडऩे की योजना है। इन सडक़ों की कुल लंबाई 188.43 किलोमीटर निर्धारित की गई है।
वहीं प्रथम चरण में 33 सडक़ों को स्वीकृति मिल चुकी है, जिनकी कुल लंबाई 119.80 किलोमीटर है। इन निर्माण कार्यों पर लगभग 10,540.48 लाख रुपये की लागत आएगी।
इन सडक़ों के निर्माण से जिले के 34 गांव सीधे लाभान्वित होंगे, जिससे आवागमन की सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा। ग्रामीणों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सडक़ निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के अवसरों तक पहुंच और अधिक सुगम हो सकेगी। प्रशासन द्वारा निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की गति और तेज हो सके।


