कोण्डागांव

विश्व शांति अखंड ब्रह्म यज्ञ, विधायक लता उसेंडी ने लिया आशीर्वाद
16-Apr-2026 9:12 PM
विश्व शांति अखंड ब्रह्म यज्ञ, विधायक लता उसेंडी ने लिया आशीर्वाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 16 अप्रैल। शहर के डीएनके कॉलोनी स्थित अलेख महिमा सेवा संघ आश्रम में 14 से 15 अप्रैल तक आयोजित विश्व शांति अखंड ब्रह्म यज्ञ श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। दो दिवसीय धार्मिक आयोजन में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन ब्रह्म अवधूत वासुदेव बाबा के प्रवचन मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम स्थल अलेख महिमा सेवा संघ आश्रम डीएनके कॉलोनी, बड़ेकनेरा रोड कोण्डागांव रहा। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति, धर्म प्रचार-प्रसार, राष्ट्र निर्माण एवं मानव कल्याण बताया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत 14 अप्रैल की संध्या अखंड ज्योति धूनी प्रज्वलन एवं सामूहिक प्रार्थना के साथ हुई, जिसके पश्चात रात्रि में संतों द्वारा अमृत वाणी और भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया गया। वहीं 15 अप्रैल को प्रात:काल सप्तमंडप बालभोग अर्पण, पूर्णाहुति, यज्ञाहुति तथा जलपान सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।

इस अवसर पर विधायक लता उसेंडी अपने परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल हुईं और संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन में उपस्थित संतों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिकता, सत्य धर्म और समाज में सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। आयोजन की सफलता में स्थानीय समिति, ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


अन्य पोस्ट