कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 13 अप्रैल। सोमवार सुबह दहीकोंगा क्षेत्र के ग्रामीणों ने बिजली कटौती से नाराज होकर दहीकोंगा वितरण केंद्र कार्यालय का घेराव किया, जिसके बाद समस्या के निदान के लिए अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। इससे पूर्व बड़ेबेंदरी गांव के ग्रामीणों ने भी कोण्डागांव के विद्युत कार्यालय का घेराव कर ज्ञापन सौंपा था।
दहीकोंगा के आक्रोशित ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि, क्षेत्र में विद्युत विभाग द्वारा पूर्व घोषणा के अनुसार 4 घंटे का शेड्यूल तय कर पावर कट किया जा रहा है। इसके बावजूद विभाग इन चार घंटों के अतिरिक्त कभी भी बिजली काट देता है। पहले ही चार घंटे की कटौती की जा रही है, उसके बाद भी अतिरिक्त कटौती रुक नहीं रही है। ऐसे में रबी फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, वहीं गर्मी से राहत पाने के लिए घरों में लगे विद्युत उपकरण भी बंद पड़े हैं। परेशान किसानों ने गर्मी और सिंचाई की समस्या से निजात पाने के लिए विद्युत कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा है।
इसी प्रकार बड़ेबेंदरी के ग्रामीण भी परेशान हैं और उन्होंने भी कोण्डागांव में अपनी समस्या के समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा है।


