कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 12 अप्रैल। महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा राव फुले की जयंती के अवसर पर कोंडागांव नगर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कनेरा रोड स्थित दैनिक सब्जी पसरा के पास नए चौक का स्थापना एवं नामकरण महात्मा ज्योतिबा राव फुले एवं सावित्रीबाई फुले चौक के रूप में किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन सर्व अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग एवं धार्मिक अल्पसंख्यक समाज द्वारा जिला अध्यक्ष धंसराज टंडन के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों और नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने महात्मा ज्योतिबा फुले के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके जीवन संघर्ष को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि फुले जी केवल समाज सुधारक ही नहीं, बल्कि दलितों, पिछड़ों और महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाले महान योद्धा थे।
साथ ही सावित्रीबाई फुले के योगदान को याद करते हुए बताया गया कि उन्होंने 1848 में बालिकाओं के लिए पहला विद्यालय स्थापित कर शिक्षा के क्षेत्र में क्रांति की शुरुआत की थी।
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि इस चौक का नामकरण आने वाली पीढिय़ों को सामाजिक न्याय, शिक्षा और समानता के लिए प्रेरित करेगा।
कार्यक्रम में सी.एल. मेश्राम, प्रेम सिंह नाग, एम.डी. बघेल, पी.एल. ठाकरे, रमाकांत महाजन, बजरंग कुलदीप सहित अनेक समाज के पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।


