कोण्डागांव

प्रस्तावित शराब दुकान का विरोध, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
04-Apr-2026 11:15 PM
प्रस्तावित शराब दुकान का विरोध, कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 4 अप्रैल। जिले के मर्दापाल क्षेत्र में जल्द शराब दुकान खोली जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से जानकारी सार्वजनिक किए जाने के बाद से लगातार इसके विरोध में ज्ञापन सौंपकर आपत्ति दर्ज की जा रही है। विरोध की कड़ी में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मर्दापाल ने शुक्रवार को कोण्डागांव एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि क्षेत्र आज भी मूलभूत सुविधाओं जैसे बिजली, पानी, सडक़, शिक्षा और स्वास्थ्य से वंचित है, ऐसे में शराब दुकान खोलना अनुचित है।

ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र कोर्राम ने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के समय मर्दापाल में कॉलेज, आईटीआई और तहसील की सुविधा मिली, जबकि वर्तमान सरकार विकास के बजाय विनाश की ओर बढ़ रही है। जिला महामंत्री रितेश पटेल ने कहा कि शराब दुकान खोलना युवाओं को नशे की ओर धकेलने जैसा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो मर्दापाल से कोण्डागांव तक पदयात्रा और कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा। ज्ञापन के दौरान कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट