कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 4 अप्रैल। वन मंडल कोण्डागांव के वन परिक्षेत्र माकड़ी अंतर्गत मगेदा हीरापारा में वन विभाग की उडऩदस्ता टीम ने छापेमारी कर अवैध चिरान के बड़े भंडार का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान मानकू राम यादव के मक्का बड़ी से सागौन और साल प्रजाति की अवैध चिरान लकड़ी जब्त की गई।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सूचना के आधार पर उडऩदस्ता दल ने मगेदा हीरापारा स्थित मानकू राम यादव के मक्का बड़ी में दबिश दी। उडऩदस्ता दल ने मौके से कुल 45 अवैध चिरान लगभग 0.830 घन मीटर बरामद हुआ, जिसमें साल चौखट 20 , साल चिरान 19 तथा सागौन चिरान 6 शामिल है। जब्त लकड़ी का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 लाख 35 हजार रुपए आंका गया है। मामले में भारतीय वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध काष्ठ संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


