कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 2 अप्रैल। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अमीन मेमन को पार्टी संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की माइनॉरिटी एडवाइजरी कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया है। यह कमेटी राष्ट्रीय स्तर की है, जिसमें देशभर से 60 वरिष्ठ नेताओं को शामिल किया गया है। इनमें सांसद, विधायक, मंत्री, पूर्व मंत्री और राज्यसभा सांसद जैसे दिग्गज शामिल हैं। खास बात यह है कि इस महत्वपूर्ण कमेटी में छत्तीसगढ़ से एकमात्र सदस्य के रूप में अमीन मेमन को स्थान मिला है।
यह कमेटी अल्पसंख्यक समाज से जुड़े मुद्दों को सीधे पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने का कार्य करेगी। कमेटी के सदस्य अपनी बात सीधे राहुल गांधी के समक्ष रख सकेंगे, जिससे इसकी अहमियत और बढ़ जाती है। नियुक्ति के बाद अमीन मेमन ने पार्टी के शीर्ष नेताओं—राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खडग़े, केसी वेणुगोपाल और इमरान प्रतापगढ़ी—का आभार व्यक्त किया।
इस नियुक्ति के बाद छत्तीसगढ़, खासकर कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग में खुशी की लहर है। अमीन मेमन को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। राज्यसभा सांसद फलोदेवी नेताम, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री सुबोध हरितवाल, कोंडागांव जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि घोष सहित कई नेताओं ने दूरभाष के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इसके अलावा केशकाल क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं—महेन्द्र नेताम, राजेश नेताम, रोशन जमीर खान, फिरोज अडवाणी, पितांबर नाग, पप्पू मांडवी, एनएसयूआई व युवा कांग्रेस पदाधिकारियों, पार्षदों व जनपद प्रतिनिधियों—ने भी मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। अमीन मेमन की इस नियुक्ति को प्रदेश कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ की भागीदारी और मजबूत होगी।


