कोण्डागांव

फरसगांव में गांजे की खेती, दो गिरफ्तार, 21 किलो पौधे जब्त
27-Mar-2026 10:50 PM
फरसगांव में गांजे की खेती, दो गिरफ्तार, 21 किलो पौधे जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल/फरसगांव, 27 मार्च। केशकाल विधानसभा क्षेत्र के फरसगांव थाना अंतर्गत ग्राम पावरास से अवैध गांजा खेती का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां किसानों द्वारा मक्के की फसल के बीच छिपाकर गांजे की खेती की जा रही थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 686 पौधे जब्त किए हैं, जिनका कुल वजन 21 किलो 36 ग्राम है। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है।

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पूरे मामले का जायजा लिया गया, जहां मक्के के खेत के बीच उगाए गए गांजे के पौधे साफ तौर पर देखे गए।

मामले की सूचना मिलते ही कोंडागांव एसपी पंकज चंद्रा ने तत्काल संज्ञान लिया और विशेष टीम का गठन किया। टीम ने देर शाम दबिश देकर दो अलग-अलग स्थानों से गांजे के पौधे बरामद किए। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हडक़ंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने मक्के की बुवाई के दौरान ही गांजा बो दिया था, ताकि फसल के बीच छिपाकर इसे उगाया जा सके। वर्तमान में पौधे 3 से 4 फीट तक बढ़ चुके थे, जिससे स्पष्ट है कि यह अवैध खेती लंबे समय से जारी थी।

बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी 10 से 12 वर्षों से गांजा सेवन के आदी हैं। इसी लत के चलते उन्होंने खुद ही गांजा उगाना शुरू कर दिया और खेत को अवैध खेती का जरिया बना लिया।

फरसगांव एसडीओपी अभिनव उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने 686 पौधों से 21 किलो 36 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट