कोण्डागांव

मर्दापाल में शराब दुकान खोलने के विरोध में ग्रामीणों का ज्ञापन
26-Mar-2026 9:11 PM
मर्दापाल में शराब दुकान खोलने के विरोध में ग्रामीणों का ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 26 मार्च। कोंडागांव जिले के मर्दापाल ग्राम पंचायत में प्रस्तावित शराब दुकान को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामवासियों, विशेषकर महिलाओं ने इस संबंध में बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दुकान नहीं खोलने की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि आबकारी विभाग द्वारा जारी निविदा सूचना के माध्यम से मर्दापाल क्षेत्र में देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान खोलने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसकी जानकारी मिलते ही गांव के लोगों में चिंता बढ़ गई है।

ग्रामीणों की मांग का समर्थन करते हुए कांग्रेस कमेटी की महिलाओं ने भी इसका विरोध किया है। इस दौरान कांग्रेस नेत्री श्याम कुमारी ध्रुव ने मीडिया को बताया कि गांव में शराब दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा और युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। महिलाओं ने विशेष रूप से आपत्ति जताते हुए कहा कि इससे घरेलू विवाद, गाली-गलौज, मारपीट जैसी घटनाएं बढ़ सकती हैं। साथ ही चोरी, लूटपाट और सडक़ दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ेगी, जिससे पूरे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होगी।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि शराब दुकान के कारण बच्चों और युवाओं के भविष्य पर विपरीत असर पड़ेगा और नशे की प्रवृत्ति बढ़ सकती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मर्दापाल और आसपास के क्षेत्रों में किसी भी स्थिति में शराब दुकान खोलने की अनुमति न दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो महिलाएं और ग्रामीण मिलकर विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द उचित निर्णय लेने की अपील की है।


अन्य पोस्ट