कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 24 मार्च। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित धर्म स्वतंत्र्य विधेयक 2026 के विरोध में सोमवार को जिला मुख्यालय कोंडागांव में मसीह समाज द्वारा ज्ञापन सौंपा गया।
जिला मसीह समाज के उपाध्यक्ष एंजेल नेताम के नेतृत्व में समाज के लोग सुबह 11 बजे मसीह कब्रिस्तान, आलबेडापारा में एकत्रित हुए और प्रस्तावित विधेयक को लेकर चर्चा की।
चर्चा के दौरान समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि राज्य में पहले से लागू मध्य प्रदेश धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम 1968 का दुरुपयोग कर ईसाई समुदाय को प्रताडि़त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जबरन धर्मांतरण के आरोपों में गिरफ्तारियां, सामाजिक बहिष्कार, अंतिम संस्कार में बाधा, चर्च गतिविधियों पर रोक और हिंसा जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
इसके बाद दोपहर 12 बजे सभी लोग बाइक रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां 12.07 बजे नायब तहसीलदार नरेंद्र सिंह को राज्यपाल, मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से प्रस्तावित विधेयक को वापस लेने और वर्तमान कानूनों की समीक्षा करने की मांग की गई।
इस दौरान मसीह समाज के लगभग 15 लोग उपस्थित रहे।


