कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 22 मार्च। नगर के मुंगबाड़ी स्थित शीतला मंदिर प्रांगण में 19 से 27 मार्च तक संगीतमय श्रीमद् भागवत ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन ब्राह्मण पारा, केशकाल में स्व. सूरज सिंह ठाकुर एवं स्व. तिजिया बाई ठाकुर की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया है।
कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित हो रहा है, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर कथा का श्रवण कर रहे हैं। कथा का वाचन पंडित मनोज दुबे (सोरिद नगर, धमतरी) द्वारा व्यासपीठ से शुकदेव स्वरूप में किया जा रहा है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो रहा है।
आयोजन के प्रथम दिवस घट स्थापना, वेदी पूजन, कलश यात्रा एवं गौकरण महात्म्य के साथ कथा का शुभारंभ हुआ। इसके पश्चात गजेन्द्र मोक्ष, सागर मंथन, वामन अवतार, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, सुदामा चरित्र, ध्रुव चरित्र, प्रहलाद चरित्र, अजामिल उद्धार, वृंदावन लीला, माखन चोरी एवं रुक्मिणी विवाह जैसे विभिन्न प्रसंगों का विस्तार से वर्णन किया जा रहा है।
समापन दिवस पर गीता प्रवचन, विष्णु यज्ञ, सहस्त्रधारा स्नान एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ प्राप्त करें।


