कोण्डागांव

नि:शुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर, जांच कर सलाह और उपचार
21-Mar-2026 10:41 PM
नि:शुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर,  जांच कर सलाह और उपचार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 21 मार्च। जिनशासन महिला मंडल के तत्वावधान में केशकाल के ओसवाल भवन में आयोजित नि:शुल्क महिला स्वास्थ्य शिविर में केशकाल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर उपचार कराया और विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लिया। शिविर में महिलाओं से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर उचित सलाह और उपचार प्रदान किया गया।

इस स्वास्थ्य शिविर में रायपुर की प्रसिद्ध स्त्री रोग एवं नि:संतानता विशेषज्ञ डॉ. आयुषी अग्रवाल द्वारा महिलाओं का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया। शिविर के दौरान गर्भावस्था, मासिक धर्म संबंधी समस्याएं, पीसीओडी/पीसीओएस, एंडोमेट्रियोसिस, सफेद पानी की समस्या, बच्चेदानी से जुड़ी बीमारियां सहित अन्य जटिल समस्याओं पर परामर्श दिया गया।

इस शिविर में लगभग 45 महिलाओं और मरीजों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मरीजों के लिए जांच और ओपीडी की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विशेष राहत मिली। कार्यक्रम का आयोजन जैन समाज के जिनशासन महिला मंडल के सहयोग से किया गया, जिसमें समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर के सफल संचालन में स्थानीय स्वयंसेवकों का भी सराहनीय योगदान रहा।

दूर-दराज गांवों से आए लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविरों से उन्हें अपने क्षेत्र में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिल जाती हैं, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होती है।

 शिविर के सफल आयोजन पर आमजन ने जैन समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी आयोजनों की अपेक्षा जताई है।

इस दौरान जिनशासन महिला मंडल की अध्यक्ष रेखा तातेड़, उपाध्यक्ष पायल तातेड़, कोषाध्यक्ष सपना जैन, सचिव लक्ष्मी तातेड़ समेत जैन समाज के महिला पुरुष मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट