कोण्डागांव
प्रशासन पर हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना का आरोप
कोंडागांव, 20 मार्च। छत्तीसगढ़ सर्व आदिवासी समाज, जिला कोण्डागांव के जिलाध्यक्ष पनकू राम नेताम ने आदिवासी विश्राम भवन एवं कॉम्प्लेक्स को समाज को सुपुर्द करने की मांग को लेकर एसडीएम के नाम तहसीलदार मनोज रावटे को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन में बताया गया कि आदिवासी विश्राम भवन एवं कॉम्प्लेक्स को समाज को सुपुर्द करने की मांग को लेकर कई बार निवेदन किया गया, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
समाज के अनुसार इस मामले में उच्च न्यायालय बिलासपुर से आदेश मिलने के बावजूद पिछले 8 माह से प्रशासन द्वारा उसका पालन नहीं किया जा रहा है और भवन सुपुर्द करने की तिथि लगातार आगे बढ़ाई जा रही है।
इसको लेकर समाज ने 7 दिन के भीतर मांग पूरी नहीं होने पर 23 मार्च को चौपाटी मैदान कोंडागांव में सुबह 11 से शाम 4 बजे तक एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।


