कोण्डागांव

चैत्र नवरात्र: मंदिरों में जले मनोकामना जोत, उमड़े भक्त
19-Mar-2026 10:33 PM
चैत्र नवरात्र: मंदिरों में जले मनोकामना जोत, उमड़े भक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 19 मार्च। जिला मुख्यालय स्थित श्री शीतला माता मंदिर (माता गुड़ी) में चैत्र नवरात्रि पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भव्य आयोजन के साथ ज्योति कलश स्थापना संपन्न हुआ। प्रतिपदा गुरुवार को मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और विधि-विधान के साथ नवरात्रि पर्व का शुभारंभ किया गया।

शीतला माता मंदिर (माता गुड़ी) के माता पुजारी श्याम चरण निषाद और देव भगत व नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि, मंदिर में घट स्थापना एवं ध्वजारोहण का कार्यक्रम निर्धारित समयानुसार सुबह 11.36 बजे से दोपहर 12.24 बजे तक संपन्न हुआ। इसके साथ ही पूरे नवरात्रि पर्व के लिए धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हो गई। आगामी दिनों में अष्टमी 26 मार्च को संध्या 5 से 8 बजे तक हवन एवं पूर्णाहुति तथा नवमी 27 मार्च को दोपहर 12 बजे से कन्या भोज, इसके पश्चात 1 से 3 बजे तक प्रसाद वितरण एवं सायं 4 बजे से ज्योति विसर्जन किया जाना तय है।

नवरात्रि के दौरान प्रतिदिन सुबह 8 बजे एवं संध्या 6.30 बजे आरती, साथ ही सुबह 9 से 11 बजे एवं शाम 7 से 9 बजे तक दुर्गा पाठ पं. श्री उमाशंकर तिवारी द्वारा किया जा रहा है। इसके अलावा रामायण मंडलियों के लिए रात्रि 9 से 11 बजे तक तथा जसगीत एवं भजन मंडलियों के लिए रात्रि 8 से 9 बजे तक समय निर्धारित किया गया है।

इस वर्ष नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में सेवा देने वाले सेवादारों को प्रथम दिवस पर वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वर्तमान में मंदिर में 579 तेल ज्योत एवं 171 घी ज्योत के लिए रसीदें कट चुकी हैं, जिनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। नवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।


अन्य पोस्ट