कोण्डागांव

छात्राओं में स्वावलम्बन, आत्मविश्वास व सशक्तिकरण के लिए कार्यशाला
18-Mar-2026 9:57 PM
छात्राओं में स्वावलम्बन, आत्मविश्वास व सशक्तिकरण के लिए कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 18 मार्च। वीरांगना रमोतीन माडिय़ा शासकीय आदर्श महिला महाविद्यालय, नारायणपुर में आयोजित संकाय विकास कार्यक्रम के अंतर्गत 17 मार्च को कार्यशाला का चतुर्थ दिवस सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में स्वावलम्बन, आत्मविश्वास तथा देश सेवा की भावना का विकास करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ दुलेश्वरी कंडरा (अतिथि व्याख्याता, राजनीति विज्ञान) द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने तथा महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार भतपहरी (हिन्दी साहित्य) ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शासकीय गुंडाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव से रसायनशास्त्र के सहायक प्राध्यापक प्रो. नसीर अहमद रहे। उन्होंने ‘डिजिटल युग में लैंगिक समानता, तकनीकी पहुंच और सशक्तिकरण’ विषय पर अत्यंत प्रभावशाली एवं तथ्यपरक व्याख्यान प्रस्तुत किया।

 उन्होंने कहा कि कामकाजी महिलाएं काम से मुक्त होकर पुन: काम पर ही लौटती  हैं, जो समाज में उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों की गहराई को दर्शाता है। उन्होंने डिजिटल क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को विभिन्न आंकड़ों के माध्यम से स्पष्ट किया।

प्रो. नसीर अहमद ने इस बात पर विशेष बल दिया कि एक महिला के डिजिटल रूप से साक्षर होने से पूरा परिवार एवं समाज सशक्त होता है। उन्होंने छात्राओं को डिजिटल साक्षरता अपनाने एवं आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में ऑनलाइन जुड़े विद्वानों एवं छात्राओं द्वारा विभिन्न प्रश्न पूछे गए, जिनका उत्तर मुख्य वक्ता ने सरल एवं तार्किक रूप से प्रदान किया। इस संवादात्मक सत्र ने छात्राओं के चिंतन के नए आयाम विकसित किए।

अंत में धन्यवाद ज्ञापन रसायनशास्त्र विभाग की अतिथि व्याख्याता सुश्री दीपिका कोर्राम द्वारा प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


अन्य पोस्ट