कोण्डागांव
पेयजल संकट गहराया, महिलाओं ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
कोंडागांव, 18 मार्च। कोंडागांव नगरपालिका क्षेत्र अंतर्गत डोंगरीपारा वार्ड में एक महीने से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। वार्ड की महिलाओं ने इस समस्या को लेकर मंगलवार दोपहर जिला कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जल्द समाधान की मांग की है।
इस दौरान महिलाओं ने बताया कि डोंगरीपारा वार्ड में पिछले एक माह से पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। नलों में पानी पूरी तरह बंद हो चुका है। जिससे वार्डवासियों को रोजमर्रा के जीवन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। पीने के पानी से लेकर खाना बनाने तक की जरूरतें प्रभावित हो रही हैं।
महिलाओं ने बताया कि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए पानी की व्यवस्था करना बेहद मुश्किल हो गया है। कई बार दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द बोर खुदवा कर पानी की आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।


