कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 17 मार्च। जिले के सुदूर अंचल के ग्राम हड़ेली में पहली बार वन विभाग द्वारा वन अग्नि जागरूकता अभियान के तहत् व्हॉलीबाल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य वनों को आग की घटना से बचाव, वनों तथा जैव विविधता का संरक्षण-संवर्धन का संदेश एवं स्थानीय युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक गतिविधियों से जोडऩा, आपसी भाईचारा बढ़ाना तथा क्षेत्र में शांति और विकास का वातावरण बनाना था।
प्रतियोगिता में आसपास के गांवों की कई टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही जनप्रतिनिधियों में जनपद पंचायत की अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य यशोदा रामचन्द्र कश्यप सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का संचालन वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किया गया, जिसमें विशेष तौर पर डॉ. आशीष कोट्रिवार, संयुक्त वनमंडलाधिकारी पश्चिम कोंडागांव उपवनमंडल, गौरव टंडन, परिक्षेत्र अधिकारी मर्दापाल, मोतीलाल बेलसरिया, उडऩदस्ता प्रभारी कोंडागांव वनमंडल तथा मर्दापाल के स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान रहा।
वनमंडलाधिकारी कोण्डागाँव वनमंडल द्वारा उक्त कार्यक्रम में उपस्थित गायता, पुजारियों का भी सम्मान किया गया।


