कोण्डागांव

मत्स्य पालक कृषकों को जाल वितरित
16-Mar-2026 10:17 PM
मत्स्य पालक कृषकों को जाल वितरित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 16 मार्च। मछली पालन विभाग, जिला कोण्डागांव द्वारा राज्य प्रवर्तित योजना के अंतर्गत संचालित मत्स्य पालन प्रसार कार्यक्रम के तहत ग्राम मटवाल में शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में 2 मत्स्य कृषकों को मछली पकडऩे के लिए जाल वितरित किए गए। यह जाल शत प्रतिशत अनुदान पर प्रति कृषक 10 हजार रुपये की लागत से प्रदान किए गए। इस दौरान कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री अनीता कोर्राम, जनपद उपाध्यक्ष श्री टोमेन्द्र ठाकुर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती यशोदा कश्यप सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।  

सहायक संचालक, मछली पालन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा कई महत्वाकांक्षी आजीविका कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे मत्स्य कृषक आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 में प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत तालाब एवं पोखर निर्माण, पोंड लाइनर स्थापना सहित अन्य गतिविधियों के माध्यम से मत्स्य कृषकों की आय में वृद्धि के लिए भी कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में ग्राम पुसपाल निवासी शामू राम कश्यप एवं ग्राम जोड़ेंगा निवासी दिनेश दीवान को मत्स्याखेट हेतु जाल प्रदान किए गए।


अन्य पोस्ट