कोण्डागांव
कोंडागांव, 15 मार्च। कोंडागांव जिले के ग्राम कुसमा में सतनामी समाज द्वारा छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद मिनी माता की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर बाबा साहेब सेवा संस्था कोंडागांव के पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में गांव के महिला, पुरुष और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मिनी माता की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मिनी माता के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे समाजसेवा, समानता और महिला सशक्तिकरण की प्रतीक थीं। छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद के रूप में उन्होंने 1952 से 1972 तक जनसेवा करते हुए कमजोर वर्गों के उत्थान, महिला शिक्षा, अस्पृश्यता उन्मूलन और बाल विवाह जैसी कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने और समाज में शिक्षा, एकता व सामाजिक सुधार के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में भुवन लाल मारकंडे, सानू मारकंडे, लखमु राम टंडन, सुरेश बघेल, मुकेश मारकंडे सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।