कोण्डागांव

जंगलों में लगी आग से वनों को भारी नुकसान
15-Mar-2026 10:08 PM
 जंगलों में लगी आग से वनों को भारी नुकसान

कोंडागांव, 15 मार्च। कोंडागांव जिले के दहीकोंगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम दूधगाँव के जंगल में आग लगने की घटना सामने आई है, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना का वीडियो आज शनिवार सुबह 11 बजे सामने आया है। आग लगने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कर्मचारियों की लापरवाही और निगरानी की कमी को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का कहना है कि समय पर गश्त और आग से बचाव के उचित प्रबंध नहीं होने के कारण क्षेत्र में बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे जंगलों में मौजूद पेड़-पौधे, जड़ी-बूटियां और अन्य प्राकृतिक संसाधन नष्ट हो रहे हैं। इधर वनमंडल के डीएफओ चूड़ामणि सिंह के कथित तानाशाह रवैये के चलते उनके स्थानांतरण की मांग को लेकर वन विभाग के कर्मचारी 12 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों के आंदोलन से विभागीय कार्य प्रभावित होने की चर्चा है, ऐसे में विभागीय खींचतान के बीच जंगलों में लगी आग ने वनों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


अन्य पोस्ट