कोण्डागांव

17 साल से प्रमोशन का इंतजार, पीडब्ल्यूडी के 400 सब इंजीनियरों में नाराजगी
13-Mar-2026 9:57 PM
17 साल से प्रमोशन का इंतजार,  पीडब्ल्यूडी के 400 सब इंजीनियरों में नाराजगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 13 मार्च। छत्तीसगढ़ सरकार की अनदेखी कहें या प्रशासनिक अमले की लापरवाही, जिसका खामियाजा शासकीय कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है।

दरअसल, लोक निर्माण विभाग में वर्ष 2008 में करीब 400 सबइंजीनियरों की भर्ती की गई थी। विभागीय नियमों के अनुसार इन इंजीनियरों को लगभग 10 साल की सेवा पूरी होने के बाद पदोन्नति मिल जानी चाहिए थी, लेकिन करीब 17 साल बीत जाने के बाद भी अब तक इनका प्रमोशन नहीं हो पाया है।

अन्य विभागों में समय अवधि

पर हो रही है पदोन्नति

जानकारी के अनुसार अन्य विभागों जैसे ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग (आरईएस), लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) और जल संसाधन विभाग (डब्ल्यूआरडी) में वर्ष 2008 में भर्ती हुए सब इंजीनियरों को समय-समय पर पदोन्नति मिलती रही है। लेकिन लोक निर्माण विभाग में आज तक प्रमोशन नहीं होने के कारण कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

बिना पदोन्नति कई सब इंजीनियर कुछ साल में हो जाएंगे सेवानिवृत्त

स्थिति यह है कि कई सब इंजीनियर ऐसे भी हैं जो अब कुछ ही वर्षों में बिना प्रमोशन पाए ही सेवानिवृत्त होने की स्थिति में पहुंच जाएंगे। इससे कर्मचारियों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है।

बताया जा रहा है कि दूसरी ओर सरकार द्वारा समय-समय पर एसडीओ पद के लिए सीधी भर्ती भी निकाली जा रही है। नई भर्तियों के कारण विभाग के भीतर पदोन्नति की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है, जिससे लंबे समय से पदोन्नति का इंतजार कर रहे इंजीनियरों में नाराजगी और बढ़ गई है।


अन्य पोस्ट