कोण्डागांव

कलेक्टर ने अंतरविश्वविद्यालयीन खेल स्पर्धाओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का किया सम्मान
13-Mar-2026 9:52 PM
कलेक्टर ने अंतरविश्वविद्यालयीन खेल स्पर्धाओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का किया सम्मान

कोंडागांव, 13 मार्च। कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शासकीय गुंडाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोण्डागांव के विभिन्न अंतरविश्वविद्यालयीन क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में भाग लेकर महाविद्यालय एवं जिले का नाम गौरवान्वित करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों में विपुल (शतरंज), हिमांशु उसेंडी एवं राजेश कोर्राम (फुटबॉल), मोना दुग्गा, चांदनी कोर्राम एवं सुशांत नेताम (बास्केटबॉल), देवंतिन (कबड्डी), परमिन नाग एवं अंशु तिवारी (टेबल टेनिस) तथा सुशीला (तीरंदाजी) शामिल हैं। इन सभी विद्यार्थियों ने शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और महाविद्यालय के साथ-साथ जिले का नाम भी गौरवान्वित किया।

इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल एवं शैक्षणिक प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी एच. आर. यदु ने  बताया कि प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन तथा उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुरूप महाविद्यालय में विभिन्न खेलों का नियमित प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया जा रहा है। इसी सतत प्रयास और मार्गदर्शन के परिणामस्वरूप महाविद्यालय के विद्यार्थी राज्य स्तरीय एवं अंतरविश्वविद्यालयीन क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय को गौरवान्वित कर रहे हैं।

इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


अन्य पोस्ट