कोण्डागांव
डिपो चौक से बस स्टैंड तक रैली, आश्वासन के बाद आंदोलन खत्म
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 12 मार्च। केशकाल विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या को लेकर गुरुवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। हजारों की संख्या में किसान सडक़ों पर उतर आए और कांग्रेस कमेटी की अगुवाई में डिपो चौक से बस स्टैंड तक रैली निकालते हुए जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान बस स्टैंड में किसानों ने लगभग एक घंटे तक चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। हालांकि प्रशासन के हस्तक्षेप और आश्वासन के बाद किसानों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और धीरे-धीरे प्रदर्शन खत्म हो गया। इसके बाद सभी किसान अपने-अपने घर लौट गए। लेकिन किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन चक्काजाम में बदला
शुरुआत में शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र होता गया और आंदोलन चक्काजाम में तब्दील हो गया। इस दौरान प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे कांग्रेसी नेताओं और किसानों के बीच भी कुछ देर के लिए तनातनी की स्थिति बन गई। आक्रोशित किसानों ने नेताओं और अधिकारियों की बात मानने से भी इंकार कर दिया और मौके पर ही समस्या के समाधान की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए मौके पर अपर कलेक्टर, एडिशनल एसपी और विद्युत विभाग के अधिकारी पहुंचे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया था। अधिकारियों ने किसानों से चर्चा कर उन्हें शांत कराने की कोशिश की।
बिजली नहीं मिलने से सूख रही फसल
प्रदर्शन में शामिल किसानों का कहना है कि उन्होंने बैंक से कर्ज लेकर फसल लगाई है, लेकिन लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज के कारण सिंचाई के लिए पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। मोटर पंप नहीं चलने से खेतों तक पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे फसलें सूखने और बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई हैं। किसानों ने कहा कि यदि समय रहते बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा और कर्ज चुकाना भी मुश्किल हो जाएगा।
8 घंटे बिजली देने का आश्वासन
अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर ने कहा कि किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने बिजली विभाग को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। फीडर-बाय-फीडर सिस्टम के तहत किसानों को रोजाना 8 घंटे रोटेशन पीरियड में पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि सिंचाई में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नए सब-स्टेशन से मिलेगा स्थायी समाधान
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता एल.एस. टेकाम ने बताया कि क्षेत्र में लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। विभाग द्वारा कई प्रयास किए गए हैं, लेकिन स्थायी समाधान के लिए जामगांव में नए सब-स्टेशन का निर्माण पूरा होना जरूरी है। इस कार्य को ठेकेदार को सौंप दिया गया है और इसे 31 जुलाई 2026 तक पूरा किया जाना प्रस्तावित है। फिलहाल किसानों की मांग को देखते हुए फीडर के अनुसार रोस्टर बनाकर करीब 8 घंटे पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।


