कोण्डागांव

लो वोल्टेज से परेशान किसानों का फूटा गुस्सा
11-Mar-2026 12:30 PM
लो वोल्टेज से परेशान किसानों का फूटा गुस्सा

 सैकड़ों किसानों ने बैठक कर- 12 को  विद्युत विभाग का घेराव करेंगे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 10 मार्च। केशकाल विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से बनी हुई लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर आज रावणभाठा मैदान केशकाल में सैकड़ों किसानों की उपस्थिति में  बैठक कर गुरुवार 12 मार्च को विद्युत विभाग केशकाल का घेराव करने का निर्णय लिया। अनुविभागीय कार्यालय पहुंच कर किसानों का आक्रोश खुलकर सामने आया।

 केशकाल, बड़ेराजपुर और धनोरा क्षेत्र के सैकड़ों किसान केशकाल स्थित रावणभाटा मैदान में एकत्रित हुए और बिजली व्यवस्था को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द समस्या के समाधान की मांग की।

    जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर बड़ी संख्या में किसान रावणभाटा मैदान में एकत्रित होंगे  और लो वोल्टेज तथा अनियमित बिजली आपूर्ति के विरोध में आवाज बुलंद करेंगे । किसानों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार लो वोल्टेज और बिजली कटौती के कारण सिंचाई कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बिजली की कमी के चलते मोटर पंप ठीक से नहीं चल पा रहे हैं, जिससे खेतों में लगी फसलें प्रभावित हो रही हैं। किसानों ने बताया कि इस समस्या के कारण उन्हें मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खेतों में समय पर पानी नहीं पहुंच पाने से फसलों की स्थिति भी खराब हो रही है और किसानों की मेहनत पर पानी फिरने की स्थिति बन रही है।

  ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि पिछले कई वर्षों से क्षेत्र के किसान लो वोल्टेज और अनियमित बिजली आपूर्ति से जूझ रहे हैं। किसानों का आरोप है कि करीब 10 वर्षों से स्थिति में सुधार होने के बजाय और खराब होती जा रही है, लेकिन इसके बावजूद शासन-प्रशासन इस समस्या के समाधान को लेकर कोई ठोस और प्रभावी पहल नहीं कर रहा है। किसानों ने प्रशासनिक लापरवाही और शासन की उदासीनता को ही इस समस्या का मुख्य कारण बताते हुए कहा कि इसका खामियाजा सीधे तौर पर ग्रामीणों और किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

 प्रदर्शन के दौरान किसानों ने एक स्वर में शासन-प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगामी दिनों में किसान विद्युत विभाग कार्यालय का घेराव करेंगे और उग्र आंदोलन भी किया जाएगा।

आज के बैठक में  मुख्य रूप से उपस्थित  किसानों  में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश नेताम,प्रवीण अग्निहोत्री ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धनोरा, महेंद्र नेताम पूर्व जनपद अध्यक्ष , सगीर अहमद  कुरैशी देवचंद मतलम,  संयोजक गण मे- सुमन मंडावी स   , गिरधारीलाल सिन्हा, सिलुराम मरकाम, संजय ठाकुर, सोनुराम बैद्य, श्रीचंद शोरी, मनीराम गोटा, विनय अग्निहोत्री, ओमप्रकाश मरकाम और ललित सिन्हा समेत बड़ी संख्या में किसान व कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट