कोण्डागांव

रंगपंचमी पर विधायक के निवास में होली मिलन समारोह
08-Mar-2026 9:52 PM
रंगपंचमी पर विधायक के निवास में होली मिलन समारोह

महिला दिवस पर महिलाओं का सम्मान

केशकाल, 8 मार्च। रंगपंचमी के अवसर पर केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम के निवास पर भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में केशकाल विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, समाज के गणमान्य नागरिक और आम लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में रंग-गुलाल के साथ सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारे तथा सौहार्द का संदेश दिया।

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि रंगपंचमी के साथ ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस भी होने के कारण समारोह में क्षेत्र की महिलाओं का विशेष सम्मान किया गया। विधायक नीलकंठ टेकाम ने महिलाओं को सम्मानित करते हुए समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की और उन्हें समाज की शक्ति बताया। इस दौरान विधायक अपने पूरे परिवार के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहे और उन्होंने केशकाल विधानसभा क्षेत्र के लोगों के साथ पूरे उत्साह और धूमधाम से होली मनाई। लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में पारंपरिक ढोल-नगाड़ों और होली गीतों के बीच उत्सव का माहौल बना रहा।

श्री टेकाम ने कहा कि होली का त्योहार भारत की संस्कृति में प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी मतभेदों को भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने और समाज में एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि आज पूरा देश रंगों के इस पर्व को बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ मना रहा है। होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि दिलों को जोडऩे वाला पर्व है, जो समाज में आपसी मेल-मिलाप और सद्भाव को बढ़ाता है।


अन्य पोस्ट