कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 8 मार्च। वन मंत्री केदार कश्यप ने कोंडागांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम बेतबेड़ा में 83 लाख 50 हजार रुपये की लागत से स्वीकृत 14 विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा क्षेत्र के समग्र विकास एवं मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारत में प्राचीन समय से महिलाओं को सम्मान देने की समृद्ध परंपरा रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश की महिलाएं सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत जीरामजी योजना प्रारंभ की गई है, जो ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने योजना के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि इसके माध्यम से गांवों में आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा। योजना के अंतर्गत अब 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध होगा तथा मजदूरी का भुगतान 15 दिनों के भीतर किया जाएगा। इसके अलावा बेरोजग़ारी भत्ता का भी प्रावधान किया गया है। वन मंत्री ने परंपरागत एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि आज हमारे पारंपरिक अनाज एवं वनोपज की मांग देश-विदेश में तेजी से बढ़ रही है, जिससे किसानों एवं ग्रामीणों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेन्द्र ठाकुर सहित अन्य अतिथियों ने भी संबोधित किया।