कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 2 मार्च। शासकीय गुंडाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोण्डागांव के छात्र विपुल का चयन पूर्वी जोन अंतर विश्वविद्यालयीन शतरंज पुरुष प्रतियोगिता के लिए किया गया है। वे इस प्रतियोगिता में शहीद महेन्द्र कर्मा विश्वविद्यालय, जगदलपुर की पुरुष शतरंज टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विपुल का चयन महंत लक्ष्मी नारायण दास महाविद्यालय, रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता में उत्तर बस्तर और दक्षिण बस्तर सेक्टर के खिलाडिय़ों का चयन विश्वविद्यालय टीम के लिए किया गया।
पूर्वी जोन अंतर विश्वविद्यालयीन शतरंज पुरुष प्रतियोगिता का आयोजन 2 से 6 मार्च तक कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी विश्वविद्यालय, भुवनेश्वर में प्रस्तावित है। आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता में पूर्वी जोन के लगभग 40 विश्वविद्यालयों की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता से पहले चयनित खिलाडिय़ों के लिए विश्वविद्यालय स्तर पर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी एच.आर. यदु ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार विभिन्न खेलों का नियमित अभ्यास कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी प्रक्रिया के तहत छात्रों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिल रहा है। महाविद्यालय परिवार ने विपुल को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।


