कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 27 फरवरी। माकड़ी विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम हीरापुर में गुरुवार को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष जुगबती पोयाम, जिला पंचायत सदस्य भगवती नेताम एवं रदमा बघेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
शिविर को संबोधित करते हुए कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण हेतु जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है और आगे भी विकासखण्डवार आयोजन किया जाएगा। उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों का सभी संबंधित विभाग को समुचित निराकरण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष जुगबती पोयाम ने भी ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित शासन जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने की बात कही।
जनसमस्या निवारण शिविर में 15 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र प्रदाय किया गया, वहीं समाज कल्याण विभाग द्वारा 08 दिव्यांगजनों को टाईसिकल प्रदाय किया गया। सहायक उपकरण मिलने पर दिव्यांगजनों के खुशी जताई और शासन प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। ग्रामवासियों से विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर कुल 145 आवेदन प्राप्त हुए, जिसमें सबसे ज्यादा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को 43, खाद्य विभाग को 24, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को 20 आवेदन और समाज कल्याण विभाग को 09 आवेदन प्राप्त हुए। इसी प्रकार कुल आवेदनों में से 79 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अजय उरांव, जनपद पंचायत सीईओ गजेन्द्र धुरडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


