कोण्डागांव

जामगांव जनसमस्या निवारण शिविर में 175 तो हरवेल में 174 आवेदन
27-Feb-2026 9:06 PM
जामगांव जनसमस्या निवारण शिविर में 175 तो हरवेल में 174 आवेदन

ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की लचर व्यवस्था पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
केशकाल, 27 फरवरी।
राज्य शासन के निर्देशानुसार केशकाल और विश्रामपुरी विकासखण्ड अंतर्गत ग्राम जामगांव और हरवेल में शुक्रवार को जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया । इस दौरान कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शिविर में पहुंचकर विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया। जामगांव शिविर में 175 और हरवेल शिविर में 174 आवेदन  प्राप्त हुआ ।

इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कलेक्टर पन्ना ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण हेतु जनसमस्या निवारण शिविर की शुरुआत की गई है और शासन की योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु जिले के अंदरूनी गांवों में भी शिविर का आयोजन किया जाएगा । उन्होंने शिविर में प्राप्त आवेदनों का सभी संबंधित विभाग को समुचित निराकरण सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि वन विभाग श्रम विभाग सहित छात्रवृत्ति, बीमा योजना के अन्य विभागों के योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि केशकाल क्षेत्र के ग्रामीणों से कहा कि अपनी मांगो और समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय में आने की जरूरत नहीं है बल्कि जनपद पंचायत केशकाल में वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से अपनी समस्या साप्ताहिक जनदर्शन में बता सकते हैं ।

ग्रामीण क्षेत्रों के अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मचारी रहते हैं नदारद
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने शिकायत की कि ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी लगातार अनुपस्थित रहते हैं व समय पर कार्यालय नहीं पहुंचते जिसके चलते ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं साथ ही इलाज हेतु 15 से 20 किलोमीटर अधिक जाना पड़ता है।

ग्रामीणों की शिकायत पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए मंच पर ही स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया है कि यदि कोई भी स्वास्थ्य कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाते हैं तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी निवेदन किया है कि यदि कहीं भी इस प्रकार की लापरवाही स्वास्थ्य विभाग में दिखाई देती है तो तत्काल जानकारी देवें।

केशकाल डीएफओ दिव्या गौतम ने भी ग्रामवासियों से वनों को आग से बचाने की अपील करते हुए कहा कि कोई भी ग्रामीण जंगल में आग न लगाएं और अगर कहीं आग लगती है तो वन विभाग को तुरंत सूचित करें।

जामगांव में आयोजित शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदनी पोटाई ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शासन जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की बात कही।

जनसमस्या निवारण शिविर में समाज कल्याण विभाग द्वारा 2 व्हीलचेयर, 01 ट्राइसिकल और 01 दिव्यांगजन को ब्लाइंड स्टिक प्रदाय किया गया। इसी प्रकार मछली पालन विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत 02 हितग्राहियों को मछली पकडऩे हेतु जाल प्रदाय किया गया। इसी प्रकार खाद्य विभाग द्वारा 06 हितग्राहियों को राशन कार्ड बनाकर प्रदाय किया गया। उद्यान विभाग द्वारा 05 बीजोत्पादक कृषकों को अनुदान राशि प्रदाय किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सामग्री मिलने पर खुशी जताई और शासन प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

हरवेल शिविर में ग्रामवासियों से विभिन्न मांगों एवं समस्याओं को लेकर कुल 174 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम आकांक्षा नायक, जनपद पंचायत सीईओ अनुराग सिन्हा, तहसीलदार गणेश सिदार सहित भुपेश चंद्राकर, आकाश मेहता, लम्बोदर सलाम, राजकिशोर राठी, राजकुमारी नेताम और स्थानीय जनप्रतिनिधिगण विभिन्न विभागों के अधिकारी उपथित रहें।


अन्य पोस्ट