कोण्डागांव
ठेकेदार को नोटिस, ब्लैकलिस्टिंग की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 26 फरवरी। पर्रेबानगांव में निर्माणाधीन सीसी सडक़ कार्य में अनियमितताएं सामने आने पर अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री गौरवपथ योजना के तहत चल रहे इस निर्माण कार्य का अधीक्षण अभियंता डीपी भूआर्य ने औचक निरीक्षण किया।
जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, लगभग 41 लाख 73 हजार रुपये की लागत से 500 मीटर लंबी सडक़ का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान गुणवत्ता मानकों और निर्धारित दिशा-निर्देशों के उल्लंघन पाए जाने पर अधीक्षण अभियंता ने गंभीर नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण में सहायक अभियंता, उप अभियंता तथा ठेकेदार की कार्यप्रणाली में लापरवाही सामने आने पर कार्यपालन अभियंता को संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा लापरवाही पाई गई तो ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और संबंधित सब इंजीनियर के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के कार्यपालन अभियंता बलराम सिंह ठाकुर भी उपस्थित रहे। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराने तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। बताया गया कि यह सडक़ निर्माण कार्य क्षेत्रीय आवागमन को सुगम बनाने के साथ ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से कराया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।


