कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 24 फरवरी। कोण्डागांव में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। कोण्डागांव पुलिस ने एक कार से बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जिला पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी रूपेश कुमार तथा साइबर सेल डीएसपी नरेन्द्र पुजारी के नेतृत्व में अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की टाटा कर्व कार अवैध अंग्रेजी शराब लेकर दुर्ग-भिलाई क्षेत्र से जगदलपुर की ओर जा रही है। सूचना पर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कनेरा रोड, जगदलपुर बायपास पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
कार की तलाशी लेने पर बीच की सीट और डिक्की से कुल 19 कार्टन अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें 950 पौवा (कुल 171 बल्क लीटर) शराब थी। जब्त शराब की कीमत 1,21,600 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही लगभग 8 लाख रुपये कीमत की टाटा कर्व कार और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 9,61,600 रुपये बताई गई है।
वाहन में सवार आरोपियों की पहचान निहाल सिंह भाटिया निवासी अभनपुर जिला रायपुर, दिनेश बुनकर निवासी कोण्डागांव तथा रूपेश उर्फ राजा सोनी निवासी कोण्डागांव के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि शराब अवैध बिक्री के उद्देश्य से परिवहन की जा रही थी
आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली कोण्डागांव में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


