कोण्डागांव

राज्य मानवाधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष ने कोण्डागांव का किया दौरा
24-Feb-2026 11:24 PM
राज्य मानवाधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष ने कोण्डागांव का किया दौरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 24 फरवरी। छत्तीसगढ़ राज्य मानवाधिकार आयोग के कार्यवाहक अध्यक्ष गिरिधारी नायक आज कोण्डागांव जिले के प्रवास के दौरान जिला अस्पताल और छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने समीक्षा बैठक लेकर महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण तथा वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों से संबंधित प्रकरणों के प्राथमिकता से निराकरण के निर्देश दिए। बैठक में एजेंडानुसार जानकारी कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना और पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा द्वारा प्रस्तुत की गई। कार्यवाहक अध्यक्ष ने विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास से आश्रम-छात्रावास भवनों एवं शौचालयों की स्थिति की जानकारी ली और विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। जिले में अनाथ बच्चों का सर्वे कर उनके बेहतर देखभाल और शिक्षा के लिए बाल गृह में प्रवेश की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। शिक्षा विभाग से जर्जर विद्यालय भवनों तथा एकल शिक्षकीय विद्यालयों की जानकारी ली गई। स्वास्थ्य विभाग को कुष्ठ रोग की जांच, निदान और जनजागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। डॉग बाइट के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए नियंत्रण के उपाय और अस्पतालों में एंटी-रेबीज उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिला अस्पताल और छात्रावास का निरीक्षण

बैठक से पूर्व उन्होंने जिला चिकित्सालय कोण्डागांव का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। लेबर वार्ड, एसएनसीयू और पोषण पुनर्वास केंद्र का अवलोकन किया गया। इसके पश्चात कन्या छात्रावास का निरीक्षण कर छात्राओं से संवाद किया और उन्हें शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। इसके बाद आंगनबाड़ी जुगानीकलार तथा पुलिस थाना फऱसगांव का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।


अन्य पोस्ट