कोण्डागांव
कोण्डागांव, 24 फरवरी। भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य विकास दुआ ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 के बजट का स्वागत करते हुए इसे राज्य की जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप, दूरदर्शी और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट समावेशी विकास, क्षेत्रीय संतुलन, मजबूत आधारभूत संरचना, मानव संसाधन विकास, अंतिम छोर तक सेवाओं की उपलब्धता तथा राज्य को निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनाने पर केंद्रित है।
उन्होंने कहा कि यह बजट राज्य की नीति को प्रदर्शन में, निवेश को परिणामों में और आकांक्षाओं को प्रत्येक नागरिक की उपलब्धियों में बदलने की दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी को पूरा करने और छत्तीसगढ़ को वर्ष 2047 तक विकसित राज्य बनाने की दिशा में सशक्त कदम है।
विकास दुआ ने बजट को ज्ञान और गति का संगम तथा विकसित छत्तीसगढ़ का आधारस्तम्भ बताते हुए कहा कि कृषक उन्नति योजना और सिंचाई परियोजनाओं के लिए किया गया प्रावधान किसानों की समृद्धि के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बिना नए कर लगाए राजस्व बढ़ाने तथा किसानों को समय पर इनपुट सब्सिडी उपलब्ध कराने को उन्होंने सराहनीय बताया।
उन्होंने कहा कि बजट में युवाओं के कौशल विकास, स्वरोजगार और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के उन्नयन पर विशेष जोर दिया गया है। अटल निर्माण वर्ष के तहत आधारभूत संरचना में निवेश से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
महतारी वंदन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ महिलाओं के स्वरोजगार और लखपति दीदी योजना को गति देना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विकास दुआ ने कहा कि सडक़, बिजली और ग्रामीण विकास के लिए किए गए बड़े प्रावधानों से सुदूर वनांचल क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित होगी। उन्होंने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए किए गए प्रावधानों के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि हर छत्तीसगढिय़ा के स्वाभिमान और समृद्धि का रोडमैप है, जो अंत्योदय के संकल्प को साकार करने की दिशा में ठोस पहल है।


