कोण्डागांव
सीसीटीवी में कैद हुए आग लगाते युवक, जांच शुरु
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल/विश्रामपुरी, 24 फरवरी। विश्रामपुरी क्षेत्र में देर रात अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा भाजपा नेता की मिनी ट्रक में आग लगाने की घटना से इलाके में हडक़ंप मच गया। भाजपा मंडल महामंत्री एवं उपसरपंच रविन्द्र पांडे की मिनी ट्रक (709) सडक़ किनारे खड़ी थी, जिसे निशाना बनाते हुए अज्ञात युवकों ने आग के हवाले कर दिया। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही विश्रामपुरी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
डेंटिंग-पेंटिंग के लिए छोड़ी थी गाड़ी, सुबह मिली जलने की खबर
भाजपा महामंत्री व उपसरपंच रविन्द्र पांडे ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले अपनी मिनी ट्रक को डेंटिंग-पेंटिंग कार्य के लिए जंगलपारा स्थित पेंटर के पास खड़ा किया था। सुबह सूचना मिली कि अज्ञात व्यक्तियों ने वाहन में आग लगा दी है। मौके पर पहुंचकर देखा तो गाड़ी का सामने और अंदर का हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। इसके बाद तत्काल थाना प्रभारी को घटना की जानकारी दी गई।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी विनोद नेताम के अनुसार, बीती रात करीब 2 बजे अज्ञात शरारती तत्वों ने वाहन में आगजनी की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
जानबूझकर साजिश की आशंका
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है, वहीं पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।


