कोण्डागांव
कोंडागांव, 22 फरवरी। कोंडागांव जिले के बयानार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बयानार कोटपारा में शनिवार शाम एक सडक़ दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम लगभग 4 बजे ग्राम पाला पोयापारा निवासी युवक किसी कार्य से जा रहा था। इसी दौरान बयानार कोटपारा के समीप एक मोड़ पर उसकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। दुर्घटना में युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके कारण घटनास्थल पर ही उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बयानार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर बयानार स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस द्वारा परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सडक़ सुरक्षा की अपील
तेज रफ्तार और लापरवाही सडक़ हादसों का प्रमुख कारण है। वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें एवं यातायात नियमों का पालन करें।


