कोण्डागांव

एसपी ने जवानों की सुनी समस्याएं व सुझाव
22-Feb-2026 9:58 PM
एसपी ने जवानों की सुनी समस्याएं व सुझाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 22 फरवरी। पुलिस अधीक्षक कोंडागांव पंकज चंद्रा द्वारा थाना केशकाल क्षेत्र अंतर्गत स्थित कुएमारी कैंप एवं प्रस्तावित नवीन थाना भवन कुएमारी का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कैंप में उपस्थित सीएएफ बटालियन की ‘बी’ कंपनी तथा जिला बल के जवानों का दरबार लेकर उनसे व्यक्तिगत रूप से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने जवानों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना और उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों की पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी लेते हुए उनके परिजनों का हाल-चाल जाना। साथ ही उन्होंने जवानों को उनके बच्चों की शिक्षा—हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी एवं उच्च शिक्षा—के संबंध में शासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी, ताकि वे इन योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

निरीक्षण के अंत में पुलिस अधीक्षक ने कैंप में पदस्थ सीएएफ एवं जिला बल के जवानों को उनके कर्तव्यनिष्ठा एवं उत्कृष्ट कार्यों के लिए सराहना एवं प्रोत्साहन प्रदान किया। उन्होंने विशेष कार्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की प्रशंसा करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के लिए उचित पुरस्कार की अनुशंसा भी की।


अन्य पोस्ट