कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 20 फरवरी। जिले में आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस ने डीजल-पेट्रोल चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का डीजल-पेट्रोल, एक छोटा हाथी वाहन और अन्य सामग्री सहित कुल 4 लाख 45 हजार 228 रुपये की मसरूका जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर श्रीवास के नेतृत्व में टीम द्वारा लगातार धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली कि बड़ेउसरी गांव स्थित सेठिया ढाबा में दो व्यक्ति चोरी का डीजल-पेट्रोल जर्किनों में भरकर अपने पास रखे हुए हैं और उसे खपाने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। मौके पर छोटा हाथी वाहन क्रमांक ष्टत्र27रु9238 के पास खड़े दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उनकी पहचान सांतुराम कश्यप निवासी नयापारा मर्दापाल और उमेश सेठिया निवासी बड़े उसरी के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर आठ जर्किनों में डीजल-पेट्रोल भरा मिला, जबकि ढाबा परिसर से भी दो जर्किन डीजल बरामद किया गया। पुलिस ने कुल 10 जर्किनों में भरा 468 लीटर डीजल-पेट्रोल जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 45 हजार 228 रुपये बताई गई है। इसके साथ ही करीब 4 लाख रुपये मूल्य का छोटा हाथी वाहन भी जब्त किया गया। इस प्रकार कुल 4 लाख 45 हजार 228 रुपये मूल्य की कुल सामान बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई लगातार जारी रहने की बात अधिकारियों ने कही है।


