कोण्डागांव

जेएनवी कोण्डागांव में फुटबॉल फॉर स्कूल्स कार्यक्रम आयोजित, 546 विद्यालयों को फुटबॉल वितरण
21-Feb-2026 9:50 AM
जेएनवी कोण्डागांव में फुटबॉल फॉर स्कूल्स कार्यक्रम आयोजित, 546 विद्यालयों को फुटबॉल वितरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 20 फरवरी। स्थानीय जवाहर नवोदय विद्यालय विकास नगर में शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार फुटबॉल फॉर स्कूल्स कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्राचार्य बीडी चेलक के नेतृत्व में जिले के 546 विद्यालयों को छात्र संख्या के आधार पर 1999 फुटबॉल वितरित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली शिक्षा में फुटबॉल को शामिल कर बच्चों में टीम वर्क, अनुशासन और आत्मविश्वास जैसे जीवन कौशल विकसित करना है।

यह वैश्विक पहल फीफा और यूनेस्को के सहयोग से संचालित है, जिसका लक्ष्य शिक्षा के साथ खेल को जोडक़र बच्चों का सर्वांगीण विकास, जीवन कौशल और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है। यह कार्यक्रम 4 से 14 वर्ष के बच्चों के लिए तैयार किया गया है, जिसमें खेल आधारित गतिविधियों के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाता है। 12 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरपति पटेल मुख्य अतिथि तथा कुलवंत सिंह चहल और मालती ध्रुव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ व्यायाम शिक्षक बी जॉन, जी रामेश्वर राव, व्याख्याता गोविंद नायडू एवं शिवचरण साहू भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि ने जीवन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला, वहीं शारीरिक शिक्षा शिक्षक समीर देवांगन ने फुटबॉल फॉर स्कूल्स कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। अंत में वरिष्ठ शिक्षक आदीप मिश्र ने उपस्थित अतिथियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


अन्य पोस्ट