कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 20 फरवरी। शासकीय गुंडाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के निर्देशन में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद कोंडागांव के अध्यक्ष नरपति पटेल मुख्य अतिथि तथा कुलवंत चहल और ग्राम केरावाही के ग्रामप्रमुख बलिराम नेताम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं राजकीय गीत से की गई। इसके बाद वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. पुरोहित कुमार सोरी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें महाविद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी गई।
प्रतिवेदन के अनुसार, इस वर्ष महाविद्यालय के 18 विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया। अर्थशास्त्र विभाग की छात्रा अदिति तिवारी को विश्वविद्यालय स्तर पर स्वर्ण पदक मिला। एनसीसी और एनएसएस इकाइयों की गतिविधियों, सामाजिक अभियानों और शैक्षणिक पहलों की भी जानकारी दी गई। विद्यार्थियों के लिए स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय सुदृढ़ीकरण और करियर मार्गदर्शन से जुड़े प्रयासों का उल्लेख किया गया।
अपने संबोधन में बलिराम नेताम ने विद्यार्थियों को अनुशासन और निरंतर अभ्यास का महत्व बताया। मुख्य अतिथि नरपति पटेल ने विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढऩे की बात कही। प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम ने कहा कि वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देता है और नेतृत्व क्षमता के विकास में सहायक होता है।इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक नसीर अहमद और डॉ. आकाश वासनीकर ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, नाटक और रैम्प वॉक प्रस्तुत किए।
एकल गीत प्रतियोगिता में खिलेश्वरी ने प्रथम तथा रूपमणी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। एकल नृत्य प्रतियोगिता में ‘अप्सरा आली’ प्रस्तुति को प्रथम तथा प्रतिमा को द्वितीय स्थान मिला।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


