कोण्डागांव

अनुशासनहीनता की शिकायत से नाराज प्रभारी प्राचार्य ने फोन कर धमकाया, ऑडियो वायरल
19-Feb-2026 9:56 PM
अनुशासनहीनता की शिकायत से नाराज प्रभारी प्राचार्य ने फोन कर धमकाया, ऑडियो वायरल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 19 फरवरी। जिले के जनपद पंचायत फरसगांव अंतर्गत भोंगापाल गांव में संचालित शासकीय हाई स्कूल भोंगापाल के प्रभारी प्राचार्य टामेश्वर दीवान का एक कथित ऑडियो इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल हो रहा है। ऑडियो में कथित रूप से प्रभारी प्राचार्य द्वारा शिकायतकर्ता को फोन पर धमकी देते हुए सुना जा सकता है। हालांकि ‘छत्तीसगढ़’ अखबार इस कथित ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। मामले की शिकायत सामने आने के बाद जिला शिक्षा विभाग संबंधित प्रभारी प्राचार्य के विरुद्ध कार्रवाई की बात कह रहा है।

फरसगांव क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता एवं शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भानु राम नाग बुधवार को शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय कोण्डागांव पहुंचे। उन्होंने बताया कि शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष होने के नाते वे समय-समय पर विद्यालय का निरीक्षण करते हैं। निरीक्षण के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि प्रभारी प्राचार्य टामेश्वर दीवान अपने कार्य के प्रति लापरवाही बरत रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस संबंध में उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी फरसगांव को शिकायत दी थी।

आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर प्रभारी प्राचार्य ने उन्हें फोन कर अपशब्द कहे और धमकी दी। भानु राम नाग ने इस संबंध में अपनी आपबीती कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की है। वहीं, एक दिन पूर्व ग्रामीणों ने भी अनुशासनहीनता और फोन पर धमकी देने के आरोप में लिखित शिकायत उरन्दाबेड़ा थाना में दर्ज कराई है।

इस पूरे मामले पर जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान ने बताया कि, शिकायत मिलने के बाद संबंधित प्रभारी प्राचार्य को पास के एक विद्यालय में संलग्न किया गया था, लेकिन लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए अब उनके विरुद्ध उच्च अधिकारियों को अग्रिम कार्रवाई हेतु पत्राचार किया जा रहा है। साथ ही उनके वेतन रोके जाने की भी अनुशंसा की गई है।


अन्य पोस्ट