कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 19 फरवरी। जिले के विकासखण्ड कोण्डागांव अंतर्गत कन्या आश्रम कोकोड़ी तथा प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास किबई बालेंगा में कक्षा साज-सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राचार्य शिवकुमार मंडावी रहे तथा अध्यक्षता रामलाल नेताम ने की। आश्रम और छात्रावासों में इन दिनों शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों की विशेष झलक देखने को मिल रही है।
सहायक आयुक्त कृपेन्द्र तिवारी के मार्गदर्शन में 12 से 15 फरवरी तक आयोजित प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों ने अपनी कक्षाओं को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक रूप प्रदान किया। अतिथियों ने सभी कक्षों का अवलोकन कर स्वच्छता, सजावट और अनुशासन के आधार पर मूल्यांकन किया। कन्या आश्रम कोकोड़ी में सानिया नेहवाल कक्ष को प्रथम, उमा मेहता कक्ष को द्वितीय, मेरी कॉम कक्ष को तृतीय तथा पी वी सिंधु कक्ष को चतुर्थ स्थान प्राप्त हुआ। वहीं प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास किबई बालेंगा में सरोजिनी नायडू कक्ष प्रथम, कल्पना चावला कक्ष द्वितीय और सुनीता विलियम्स कक्ष तृतीय स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में टीम वर्क, अनुशासन और रचनात्मक सोच का विकास करना था। कार्यक्रम के दौरान प्रधान अध्यापक सूरज नेताम ने आश्रम परिसर में अभिभावकों द्वारा निर्मित कुटिया, झूला तथा विद्यार्थियों द्वारा तैयार पारंपरिक स्थानीय संग्रहालय सहित बेहतर शालेय वातावरण की प्रशंसा करते हुए मिष्ठान वितरण कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनमें सृजनात्मकता तथा अनुशासन को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम के समापन पर न्योता भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पालकगण, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, अधीक्षक प्रीति गोस्वामी, संकुल समन्वयक सुकमन नेताम, शिक्षिका मधुमती मंडावी सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम उत्साह और सहभागिता के साथ सम्पन्न हुआ।


