कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 19 फरवरी। जिला मुख्यालय कोण्डागांव स्थित विशिष्ट प्री मैट्रिक कन्या छात्रावास में कक्ष साज-सज्जा प्रतियोगिता एवं पालक-बालिका न्योता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल मुख्य अतिथि रहे, जबकि कुलवंत चहल एवं ननकी वैष्णव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती, छत्तीसगढ़ महतारी एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। सहायक आयुक्त कृपेंद्र तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में छात्राओं ने अपने कक्षों को स्वच्छ और आकर्षक ढंग से सजाकर रचनात्मकता का प्रदर्शन किया, जिसमें रिसर्चर्स विंग प्रथम, टीचर्स विंग द्वितीय और आईटी इंजीनियर्स विंग तृतीय स्थान पर रहे।
दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सात छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास और आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं।
समापन पर पालक-बालिका न्योता भोज आयोजित हुआ, जिसमें अधीक्षिका कल्याणी सुनहरे सहित विभागीय स्टाफ, पालकगण और छात्राएँ उपस्थित रहीं।
आयोजन स्वच्छता, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देने वाला प्रेरणादायक कार्यक्रम रहा।


